Thursday 11 May 2017

गर्मी में खाएं ये चीजें, शरीर का तापमान रहेगा सामान्य

गर्मी के कारण शरीर का तापमान सामान्य से अधिक बढ़ जाता है, जिसकी वजह से कई गंभीर समस्याएं जैसे उल्टी, दस्त और डीहाइड्रेशन आदि की आशंका बढ़ जाती है। फिटनेस एक्सपर्ट, किरण साहनी के मुताबिक एक स्वस्थ इंसान के शरीर का सामान्य तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक होता है।
गर्मियों में जब वातावरण का तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच जाता है तो इसका प्रभाव शरीर के तापमान पर भी पड़ता है। यदि शरीर का औसत तापमान बढ़ जाए तो इससे कई अंगों को क्षति पहुंच सकती है। सेहतमंद रहने के लिए खासतौर पर गर्मी के मौसम में खानपान के मामले में एहतियात बरतने की जरूरत होती है। इसके लिए कुछ खास खाद्य पदार्थों को अपनी डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं:
दही देगा भीतर से ठंडक
सेहतमंद रहने के लिए गर्मी के मौसम में दही जरूर खाएं। आसानी से उपलब्ध दही शरीर को भीतर से ठंडा रखकर गर्मी के मौसम में आपको सेहतमंद रखेगा। आप चाहें तो खाने के साथ दही खा सकती हैं या फिर दही में फलों को छोटा-छोटा काटकर फ्रूट रायता बनाकर भी खा सकती हैं।
छाछ व लस्सी से मिलेगी ऊर्जा
छाछ व लस्सी दही का ही दूसरा प्रकार होता है, यह भी दही की तरह स्वास्थ्यवर्धक होता है। जब दही को फेंटकर मक्खन बनाते हैं तो उससे जो पानी बचता है उसे छाछ कहते हैं। हमेशा फ्रेश छाछ पीने की ही कोशिश करें। स्वाद बढ़ाने के लिए आप इसमें धनिया पत्ता, जीरे का पाउडर व नमक मिला सकती हैं। यदि आपको छाछ का स्वाद पसंद नहीं है तो आप दही को फेंटकर उसमें थोड़ा पानी व चीनी मिलाकर मीठी लस्सी बनाकर पी सकती हैं। गर्मी में छाछ व लस्सी पीने से ऊर्जा बनी रहती है।
खीरे का कमाल
खीरे में बहुत अधिक मात्रा में पानी व जरूरी पोषक तत्व होते हैं। ज्यादातर लोग खीरे को बस सलाद में लेते हैं। पर, गर्मी के मौसम में सेहतमंद रहने के लिए हर दिन कम-से-कम दो-तीन खीरा जरूर खाएं। याद है, आप बचपन में खीरे की 4 फांक करके उसमें नमक और मिर्च लगाकर खाती थीं। यदि गर्मी में आप बहुत बेचैनी या घबराहट महसूस करें तो खीरे का जूस निकालकर उसे तुरंत पी लें। शरीर का तापमान नियंत्रित हो जाएगा। खीरे का सेवन त्वचा के लिए भी फायदेमंद होता है।
नीबू-चाय की जुगलबंदी
चाय भारतीयों का पसंदीदा पेय पदार्थ है, लेकिन गर्मी में चाय पीने से पेट संबंधी कई समस्याएं हो सकती हैं। अगर आप भी उन लोगों में से हैं जिनको चाय पीने की आदत है तो आपके लिए लेमन आइस टी गर्मी के मौसम में बेहतरीन विकल्प है। इसे पीने से आपको चाय का स्वाद, विटामिन-सी और शरीर को ठंडक भी मिलेगी। स्वाद बढ़ाने के लिए आप लेमन आइस टी में पुदीने की पत्तियां भी मिला सकती हैं।
लू से बचाएगा तरबूज
प्रकृति में गर्मी के ताप से बचाने के लिए कई ऐसे विकल्प मौजूद हैं, जिनकी खूबियों से हम अनभिज्ञ हैं। ऐसा ही एक फल है तरबूज। गर्मी में तरबूज खाने के अनेक फायदे होते हैं। तरबूज और उसके बीजों की गिरी शरीर को पुष्ट बनाती है। तरबूज में लाइकोपिन पाया जाता है जिससे त्वचा जवां बनी रहती है। तरबूज के सेवन से रक्तचाप संतुलित रहता है। आप चाहें तो तरबूज का जूस या शेक बनाकर भी पी सकती हैं या फिर आप इसे सीधे खा भी सकती हैं। तरबूज खाने से लू भी नहीं लगती। तरबूज के रस से एसिडिटी खत्म हो जाती है। यह दिल के रोगों, डायबिटीज व कैंसर जैसी बीमारियों से शरीर की रक्षा करता है। तरबूज को ताजा काटकर ही खाएं। पहले से काटकर रखा हुआ तरबूज बिल्कुल न खाएं।
नारियल पानी रखेगा रक्तचाप नियंत्रित
नारियल पानी में विटामिन-सी, पोटैशियम, मैग्नीशियम आदि पोषक तत्व होते हैं, जो स्वाभाविक रूप से शरीर के तापमान को संतुलित करते हैं। जिन लोगों को गर्मी आते ही उच्च रक्तचाप की समस्या हो जाती है, उनके लिए नारियल पानी बहुत अच्छा होता है। नारियल पानी शरीर को पर्याप्त नमी भी देता है।
खरबूजा देगा पेट को ठंडक
खरबूजे में 95 प्रतिशत पानी के साथ-साथ विटामिन व मिनरल्स भी होते हैं। शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए खरबूजे का सेवन एक बेहतर विकल्प है। इसके बीज में प्रोटीन काफी मात्रा में होते हैं। खरबूजा खाने से पेट में जलन की समस्या दूर होती है।
गन्ने का रस देगा तुरंत ऊर्जा
गन्ने का रस पीने से तुरंत ऊर्जा मिलती है और कमजोरी दूर होती है। गन्ने के रस में भरपूर मात्रा में आयरन होता है, जिससे खून की कमी की समस्या दूर होती है। गन्ने का रस पीने से शरीर में नमी बनी रहती है। इसे पीने से ताजगी बनी रहती है और लू से भी बचाव होता है। गन्ने का रस पीने से बुखार भी जल्दी उतर जाता है। ध्यान रखें, सफाई से निकला और ताजा रस ही पिएं, वरना इंफेक्शन भी हो सकता है।
नीबू पानी
नीबू पानी गर्मी के मौसम का एक देसी टॉनिक है। जब शरीर में विटामिन-सी की मात्रा कम हो जाती है तो एनीमिया, जोड़ों का दर्द, दांतों की बीमारी, पायरिया, खांसी और दमा जैसी परेशानियों की आशंका बढ़ जाती है। नीबू में विटामिन- सी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है़, इसलिए इन बीमारियों से बचाव में नीबू पानी बेहद कारगर साबित होता है। पेट खराब, पेट फूलना, कब्ज, दस्त होने पर नीबू के रस में थोड़ी-सी अजवाइन, जीरा, हींग, काली मिर्च और नमक मिलाकर पीने से काफी राहत मिलती है।

साभार 

Popular Posts